राष्ट्रपति चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश में हुआ मतदान
- सभी 68 विधायकों और 1 सांसद ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
इंडिया न्यूज, Shimla (Himachal Pradesh)
राष्ट्रपति चुनाव (Presidential election) के मद्देनजर सोमवार को हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) विधानसभा में मतदान (voting) हुआ। प्रदेश के सभी 68 विधायकों के साथ-साथ कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने भी प्रदेश विधानसभा में मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रात: 10 से सायं 5 बजे तक हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, उपाध्यक्ष हंसराज, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के साथ-साथ दोनों ही पक्षों के विधायक अपने-अपने दलों के सदस्यों के साथ वोट डालने पहुंचे।
मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद मत पेटियों को सील बंद करके कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली भेज दिया गया है।
विधानसभा में विधायकों की संख्या के मुताबिक राष्ट्रपति चुनाव में प्रदेश में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी लग रहा है। प्रदेश के प्रत्येक विधायक के वोट की वैल्यू 51 है, जबकि सांसदों के वोट की वैल्यू 700 है।
हिमाचल विधानसभा में भाजपा के 43 विधायक
प्रदेश विधानसभा में भाजपा के 43 विधायक हैं। 2 निर्दलीय विधायकों का भी उसे समर्थन हासिल है। वोट वैल्यू के हिसाब से भाजपा विधायकों के मत का मूल्य 2,295 बनता है।
विधानसभा में कांग्रेस के 22 और माकपा का 1 विधायक है। इनके कुल मतों की वैल्यू 1,173 मूल्य तय होता है। राज्य से भाजपा के 6 सांसद हैं।
प्रत्येक सांसद के वोट की वैल्यू 700 है। जाहिर है कि भाजपा के सांसदों की कुल वोट वैल्यू 4,200 है। कांग्रेस के 1 सांसद का मत मूल्य 700 है।
प्रदेश में कांग्रेस विधायकों के मत मूल्य और 1 सांसद के मत मूल्य को देखा जाए तो 1,873 बनता है, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा का कुल मत मूल्य 6,495 बनता है।
ऐसे में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को हिमाचल प्रदेश से साढ़े 4 हजार से अधिक की बढ़त की संभावना है।
यह भी पढ़ें : लूहरी जल विद्युत परियोजना पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन समिति ने की बैठक
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की